Monday, May 6, 2019

रूस विमान हादसाः रनवे पर उतरा जलता हुआ विमान, 41 की मौत

रूस की सरकारी मीडिया के मुताबिक़ विमान में आग लग गई थी. रूसी जांच एजेंसी के अनुसार इस हादसे में कम से कम 41 लोगों की मौत की ख़बर है.

प्रमुख जांचकर्ताओं का कहना है कि विमान में कुल 78 यात्री सवार थे जिसमें से सिर्फ़ 37 जीवित बचे हैं. विमान में चालक दल के पांच सदस्य भी सवार थे.

रूस की सरकारी विमानन कंपनी 'एयरोफ़्लोट' ने कहा है कि विमान को 'तकनीकी वजहों' से एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा. हालांकि कंपनी ने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया.

सोशल मीडिया पर आ रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्रियों को विमान के आपातकाल द्वार से निकाला जा रहा है.

एक अन्य वीडियो में देखा जा सकता है विमान लैंड कर रहा है और उससे काला धुंआ उठ रहा है. एक दूसरे वीडियो में विमान को लैंडिंग करते वक़्त उछलते हुए देखा जा सकता है.

कथित तौर पर ये एक सुखोई सुपरजेट-100 विमान है जो मॉस्को के शेरेमेत्येवो हवाई अड्डे से मरमांस्क जा रहा था.

एक बयान में एयरोफ्लोट कंपनी ने कहा है कि विमान उड़ान भर चुका था लेकिन कुछ देर बार 'तकनीकी वजहों' से उसे एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा. रनवे पर लैंड करते वक्त विमान के इंजन में आग लग गई.

सोशल मीडिया पर आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लैंड करते वक्त प्लेन का पिछला हिस्सा धू-धू कर जल रहा है जबकि सामने के आपातकाल दरवाज़े से कुछ लोग कूद कर जान बचा रहे हैं.

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन में हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों से संवेदना जताई है.

एयरोफ्लोट कंपनी ने अपना वेबसाइट पर हादसे में जीवित बचे लोगों के नाम प्रकाशित किए हैं. इस सूची में कुल 33 नाम हैं.

कंपनी ने साथ ही आपातकाल टेलीफ़ोन नंबर भी जारी किए हैं.

कंपनी ने ये भी कहा है कि घायलों के परिजनों को वो बिना शुल्क मॉस्को पहुंचाएगी.

ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ़्लाइटरडार24' के अनुसार प्लेन टेक ऑफ़ होने के तक़रीबन आधे घंटे के भीतर ही इमर्जेंसी लैंडिंग की कोशिश की गई.

क्रिस्चियान कोस्तोव नाम के एक चश्मदीद ने सोशल मीडिया पर इस घटना के बारे में लिखा है.

उन्होंने लिखा है कि प्लेन में सवार लोग इसे आग में झुलसते हुए देखकर डर से कांपने लगे.

No comments:

Post a Comment